महाभारत का युद्ध
by Sobby Panwar
सुनो, सुनो, यह कथा पुरानी,
नदियों जितनी गहरी,
यह स्वर्ण कहानी—
राजमहल से वन तक,
मनुष्य चला है प्रश्न लिए,
हर युग, हर क्षण तक।
हस्तिनापुर की स्वर्ण-सभा में,
हँसी थी, पर छल के साथ।
पांडु-पुत्र वनवास गए,
न्याय चुप था, बँधा था हाथ।
कपटी शकुनी के जाल में,
फस गए पांडव सारे,
खेला पासों का खेल,
राजधर्म की आँखें रोईं,
मौन खड़े थे सब सभा में।
जहाँ केश पकड़ द्रौपदी लाई ,
स्वर काँप उठा उस नारी का—
“क्या नारी वस्तु है?” वह पूछ रही,
पर मौन था उत्तर सभा का।
भीष्म पितामह मौन खड़े,
ज्ञान होते भी बँधे हुए,
प्रतिज्ञा की बेड़ी में जकड़े,
धर्म को स्वयं से दूर किए।
फिर रणभूमि कुरुक्षेत्र बनी,
जहाँ शंखनाद में प्रश्न उठे—
“किसके पक्ष में धर्म खड़ा?”
जब अपने ही अपनो से लड़े।
अपनों को शत्रु देख अर्जुन,
काँप उठे उसके हाथ,
धनुष गिरा धरती पर,
प्रतिज्ञा भूली, छूटा साथ।
देख अर्जुन को विचलित,
कृष्ण ने गीता का ज्ञान दिया—
“कर्म करो,” वह वाणी गूँजी,
“फल का मोह त्याग दिया।”
“जीवन युद्ध है, पलायन नहीं,
सत्य के संग बस जागो,
कर्तव्य से मुख मत मोड़ो,
धर्म-पथ पर ही आगे भागो।”
शंखनाद हुआ, युद्ध भड़का,
भाई के सम्मुख भाई खड़ा,
हाथों में अस्त्र, मन में अग्नि,
मानव विवेक कहीं खो गया।
भीष्म गिरे शर-शय्या पर,
धर्म अब भी मौन रहा।
द्रोण का ज्ञान बना हथियार,
शिष्य ने गुरु से रण किया।
अभिमन्यु चक्रव्यूह में फँसा,
वीरता रक्त में रो पड़ी,
नियम टूटे, मर्यादा हारी,
रातें छल, दिन हिंसा बनी।
विजय भी रोती आई,
हार-जीत के उस पल में,
मानवता कहीं खो-सी गई।
कर्ण फिर अर्जुन से टकराया,
शौर्य का अंतिम दीप जला,
रथ धँसा, भाग्य रूठा,
धरती ने वीर को थाम लिया।
हाथ जोड़ बोला दानवीर—
“धर्म स्मरण कर, रोक यह बाण।”
क्षण न रुका, बाण चला,
रण में सो गया कर्ण महान।
युद्ध थमा, धरती लहू में डूबी,
पांडवों को विजय मिली,
पर खुशी खो गई
कृष्ण तब मौन मुस्काए,
आँखों में आँसू, होठों पर शांति,
कहे—“युद्ध तुमने जीता,
पर मूल्य मैंने चुकाया ।
चीख भी मेरी निकली,
लहू भी मेरा बहा,
बाण भी मैंने चलाए,
धरा पर मैं ही गिरा।”
जो पूछे “धर्म किस ओर खड़ा था?”
उत्तर आज भी मौन में है.
कुरुक्षेत्र अब केवल भूमि नहीं,
हर हृदय में उसका युद्ध सजे।
शस्त्र थमे, पर प्रश्न जीवित,
युग बदले, कथा वही.
जब तक मौन रहेगा अन्याय पर,
महाभारत चलती रहेगी
Sobby Panwar's full record: their portfolio on Writory.
Published on the Writory Wall, which is free to post to and free to read · enter the November contest